रायपुर / कोरबा: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार* मिले हैं, वहीं बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा* को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिला है। इस तरह कुल 5 राष्ट्रीय पुरस्कार छत्तीसगढ़ के नाम हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे। पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह उपलब्धि नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा देगी।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी एवं आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अरुण कुमार ध्रुव तथा नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष श्री राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पी.टी.एम. कृष्णा राव भी उपस्थित रहे।
पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी आजीविका को सुदृढ़ करने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य को मिले इन पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहन और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में छत्तीसगढ़ के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है

