कोरबा 29 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और भारत के भविष्य को लेकर उनकी कल्पनाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर कोरबा विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन पंप हाउस स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में किया गया। प्रतियोगिता में कोरबा विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों से स्कूल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी। उनकी कलाकृतियों में विकसित भारत, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी प्रगति, समान अवसर और समृद्ध समाज जैसे विषयों की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली। वहीं भाषण प्रतियोगिता में हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत करते हुए बेहतर, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपनी आकांक्षाएं साझा कीं।

कार्यक्रम में श्री गोपाल मोदी, अध्यक्ष चेंबर आफ कामर्स श्री योगेश जैन, पार्षद श्री रामकुमार साहू, अजय विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के विचारों में भविष्य के भारत की संभावनाएं दिखाई देती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ देश के विकास के प्रति अपनी सोच को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को चित्रों और शब्दों का स्वरूप दिया। उनके विचारों में शिक्षा के बेहतर अवसर, आधुनिक सुविधाओं से युक्त समाज, पर्यावरण के प्रति जागरूकता, तकनीकी विकास और सभी वर्गों की सहभागिता से सशक्त भारत की परिकल्पना प्रमुखता से सामने आई।

कार्यक्रम में कोरबा विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विजयी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। चयनित विद्यार्थी अब ’’03 अक्टूबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में कोरबा विकासखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए सहभागिता करेंगे।’








