कोरबा। रिस्दी चौक पर लंबे समय से छाए अंधेरे को अब जिला प्रशासन ने डीएमएफ की मदद से दूर कर दिया है। शहर को झगरहा-उरगा, रजगामार और बालको क्षेत्र से जोड़ने वाले इस व्यस्ततम चौक पर अब सोलर हाईमास्ट लाइट रोशन हो रही है।
दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही वाले इस चौक पर रात के समय रोशनी नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती थी। अंधेरे के कारण सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।
इस समस्या को देखते हुए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) के संसाधनों से और क्रेडा विभाग के सहयोग से चौक पर सौर ऊर्जा आधारित हाईमास्ट लाइट स्थापित की गई है। बैटरी बैकअप होने से बिजली गुल होने या खराब मौसम में भी चौक रोशन रहेगा।
चौक के पास पेट्रोल पंप में काम करने वाले रिस्दी निवासी भोला ने बताया कि पहले अंधेरे के कारण वाहनों की दिशा समझना मुश्किल होता था, अब हाईमास्ट की रोशनी से पूरा चौक साफ दिखाई देता है, जिससे आवागमन सहज हो गया है।
स्थानीय लोगों ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार जताया है।

