कोरबा, 18 अक्टूबर।रील के चक्कर में जान जोखिम में डालने का मामला सामने आया है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में गरबा ड्रेस पहनी तीन युवतियां काली कार पर खतरनाक स्टंट करती दिखीं।
वायरल वीडियो में एक युवती कार के बोनट पर लेटी हुई है, जबकि दो अन्य दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस कर रही हैं। युवतियों ने *’जस्ट चिल-चिल’ गाने पर* यह रील बनाई और कैप्शन लिखा – *”फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।”*
वीडियो वायरल होने पर लोगों ने नाराजगी जताई। पुलिस ने कार नंबर CG 12 BU 6007 के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर मामला दर्ज किया है।
एएसपी लखन पटले ने बताया कि यह हरकत न सिर्फ खुद की बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरनाक थी। युवतियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि लाइक-व्यूज के लिए सड़क पर स्टंट न करें।

