कोरबा। दशहरा और दीपावली को देखते हुए कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार 18 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया।
7 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कोतवाली थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पर पुलिस ने 7 संदिग्धों को हिरासत में लिया। सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
5 साल से फरार वारंटी चढ़ा हत्थे
इसी दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। वर्ष 2019 के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान 48 वर्षीय सुखलाल यादव के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय में चेक अनादरण (धारा 138 NI Act) का मामला लंबित था।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारी सीजन में शांति और सौहार्द बनाए रखें। हुड़दंग, मारपीट या कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दें।

