ग्राम पंचायत कनकी में सचिव लक्ष्मीनारायण राजपूत पर लापरवाही और शासकीय राशि के दुरुपयोग के आरोप थे,
कोरबा, 15 जून। मुख्यमंत्री के सुशासन तिहार अभियान के तहत मिली शिकायतों पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत कनकी और सरगबुंदिया के पंचायत सचिवों के खिलाफ मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग ने दोनों का स्थानांतरण कर दिया।
ग्राम पंचायत कनकी में सचिव लक्ष्मीनारायण राजपूत पर लापरवाही और शासकीय राशि के दुरुपयोग के आरोप थे, जबकि सरगबुंदिया में सचिव प्रमोद राठिया पर कर्तव्य में उदासीनता की शिकायत मिली थी।
जारी आदेश के अनुसार राजपूत को अमलडीहा और राठिया को जनपद पंचायत कार्यालय करतला में संलग्न किया गया है। वहीं अमलडीहा के सचिव गितेंद्र जायसवाल को कनकी में पदस्थ कर सरगबुंदिया का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शासन-प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हुआ है।


