कोरबा, 30 सितंबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 28 सितंबर को करतला विकासखंड के ग्राम बेहरचुवां में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

परियोजना अधिकारी श्रीमती रागिनी प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती द्रौपती बाई राठिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार व नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया, वहीं अभिभावकों को बच्चों के पूरक आहार की जानकारी दी गई।

इस दौरान स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, रंगोली, मातृ संवाद, न्योता भोज और पोषण प्रदर्शनी का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में स्थानीय खाद्य पदार्थों से संतुलित आहार बनाने और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वच्छता व देखभाल संबंधी जानकारी दी। पर्यवेक्षक श्रीमती कौशिल्या बरेठ ने बच्चों के प्रारंभिक विकास से जुड़ी गतिविधियां प्रस्तुत कीं।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, एएनएम, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








