करतला, कोरबा। छत्तीसगढ़ मितानिन कार्यक्रम को 23 नवंबर 2026 को अपने गौरवशाली 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे। इस अवसर पर करतला जनपद क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में मितानिन सम्मान दिवस मनाया जाएगा।
कार्यालय जनपद पंचायत करतला ने 19 नवंबर 2026 को सभी सरपंच / सचिव को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि मितानिन बहनों ने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, संक्रमण और बीमारियों की रोकथाम तथा गैर संचारी रोगों के प्रति जागरूकता के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता में भी मितानिन बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
निर्देश में कहा गया है कि 23 नवंबर 2026 को मितानिन कार्यक्रम का आयोजन करते हुए ग्राम पंचायत के समस्त मितानिनों के सम्मान कार्यक्रम में सहयोग करें तथा व्हाट्सएप के माध्यम से इस कार्यालय को फोटोग्राफ भेजना सुनिश्चित करें।

