रायपुर, 23 नवंबर 2026। राज्यपाल रमेन डेका ने आज सोमवार को लोकभवन में सरस्वती महाविद्यालय, बिलासपुर को अपने स्वेच्छानुदान मद से 10 कंप्यूटर और प्रिंटर प्रदान किए।
इस पहल का उद्देश्य महाविद्यालय में शैक्षणिक और तकनीकी सुविधाओं को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना है।
डिजिटल क्षमता होगी मजबूत
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि महाविद्यालय की डिजिटल व तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करना और विद्यार्थियों के अध्ययन को अधिक सुगम व आधुनिक बनाने के लिए कंप्यूटर और प्रिंटर प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा में तकनीक का महत्व लगातार बढ़ रहा है। कंप्यूटर और प्रिंटर जैसी सुविधाओं से विद्यार्थियों को पढ़ाई, प्रोजेक्ट, रिसर्च और ऑनलाइन अध्ययन में काफी मदद मिलेगी।
यह 10 कंप्यूटर और प्रिंटर राज्यपाल ने अपने स्वेच्छानुदान मद से प्रदान किए हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सरस्वती महाविद्यालय के अध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी, विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के सदस्य बृजेंद्र शुक्ला, विवेक सक्सेना, लक्ष्मण राव मागर और बद्रीनाथ केसरवानी सहित महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
महाविद्यालय प्रबंधन ने इस सहयोग के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा में नई सुविधा मिलेगी।

