बिलाईगढ़ / सारंगढ़। बिलाईगढ़ क्षेत्र के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, अधिवक्ताओं एवं अन्य पक्षकारों को विशेष सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा राजशाही दशहरा उत्सव के अवसर पर की गई घोषणा के पूरा होने से बिलाईगढ़ क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
अब समय और पैसा दोनों बचेगा
बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना से राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों में सुनवाई के लिए अब जिला मुख्यालय सारंगढ़ तक आने-जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इससे नागरिकों के समय एवं व्यय की बचत होगी। स्थानीय स्तर पर प्रकरणों की सुनवाई होने से नागरिकों की प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच अधिक सुगम होगी।
विशेष रूप से किसानों, अधिवक्ताओं और दूर-दराज के गांवों से आने वाले पक्षकारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अब छोटे-छोटे राजस्व मामलों के लिए उन्हें जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, बिलाईगढ़ के वरिष्ठ समाजसेवी ओंकारेश्वर शरण सिंह, अधिवक्तागण, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि सहित क्षेत्र के अनेक प्रबुद्ध नागरिकजन उपस्थित थे।
क्षेत्रवासियों ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे बिलाईगढ़ क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

