रायपुर / धरसींवा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कार्यक्रम में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और ग्राम चरौदा के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम चरौदा के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं –
1. मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में शेड और पेवर ब्लॉक –
ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य कराए जाने की घोषणा की गई।
2. नवीन मंगल भवन का निर्माण –
ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन के निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुक्तेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी। वहीं मंगल भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
सिंचाई के लिए 13 करोड़ 97 लाख से ज्यादा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 9 करोड़ 87 लाख 48 हजार रुपये तथा जल संसाधन विभाग, तिल्दा के अंतर्गत 4 करोड़ 10 लाख 17 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इस प्रकार सिंचाई से संबंधित कार्यों पर कुल 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को खेती-किसानी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
सड़क, बिजली और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपये की लागत के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना मजबूत होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 2 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अंतर्गत 6 करोड़ 79 लाख 17 हजार रुपये की लागत के विद्युत विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया। इन कार्यों से क्षेत्र की विद्युत अधोसंरचना मजबूत होगी और ग्रामीणों तथा किसानों को बेहतर विद्युत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
CM साय ने कहा – गांवों को मजबूत करना ही लक्ष्य
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सिंचाई, सड़क, बिजली और सामुदायिक सुविधाओं का विकास ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों और नई घोषणाओं से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्रवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

