कोरबा में प्रेस वार्ता में दी जानकारी, कृषक उन्नति योजना में अब प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता
कोरबा, 21 नवंबर – करतला टाइम्स। केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं से अन्नदाताओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। यह बात जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने गुरुवार को कोरबा के तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।
प्रेस वार्ता में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।
रजनीश सिंह ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत अब किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की समान आदान सहायता दी जाएगी। पहले 21 क्विंटल धान की खरीदी पर 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि दी जाती थी। अब प्रति एकड़ के हिसाब से सहायता मिलने से किसानों को अपनी सुविधा से धान बेचने की आजादी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि धान के बदले अन्य फसल लेने पर प्रोत्साहन राशि 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है। इसमें अब तक 52 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। वहीं दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास पर 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसमें 4 लाख 26 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है।
खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
गन्ना किसानों को लेकर उन्होंने बताया कि गन्ने का उपार्जन मूल्य 355 से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। रिकवरी के आधार पर कवर्धा के किसानों को 488.67 रुपये, पण्डरिया को 455.10 रुपये, बालोद को 432.62 रुपये और सूरजपुर को 425 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान हो रहा है।
पीएम-आशा योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 29 जिलों में 273 केंद्रों से 3 लाख 72 हजार क्विंटल दलहन-तिलहन की खरीदी कर किसानों को 219.08 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
श्री अन्न को लेकर उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक कोदो, कुटकी और रागी का उपार्जन किया जाएगा।
अंत में उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं और कृषि लाभकारी बन रही है।

