कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
रायपुर, 30 अगस्त जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है तो उसके साथ परिवार, समाज और पूरा देश आगे बढ़ता है। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और आर्थिक स्वावलंबन प्रदान करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा, शिक्षा, खेल, साइबर सुरक्षा, पत्रकारिता, कला एवं संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
सम्मानित महिलाएं हमारी बेटियों के लिए प्रेरणा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित महिलाओं ने अपने परिश्रम, प्रतिभा और साहस से अलग पहचान बनाई है। यह केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा है। छत्तीसगढ़ की महिलाएं खेती-किसानी से लेकर उद्यमिता, शिक्षा, खेल और आधुनिक तकनीक तक हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है – जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है।
महिला आयोग न्याय के साथ जागरूकता का भी सशक्त माध्यम बने
मुख्यमंत्री ने राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को बधाई देते हुए कहा कि उनका सामाजिक अनुभव और कानून की समझ इस दायित्व में उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि आयोग की भूमिका केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों, कस्बों और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करे।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नारी शक्ति को मिले नए अवसर
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों से सामाजिक सोच में बदलाव आया है। देश के सर्वोच्च पद पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आसीन होना नारी शक्ति के लिए गौरव का विषय है।
महतारी वंदन योजना और लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, जिसकी 31 किस्तें जारी हो चुकी हैं। प्रदेश में 13.85 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
महतारी गौरव वर्ष 2026
राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत सरस्वती साइकिल योजना, ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ के तहत 6671 बालिका शौचालय और 481 महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।








