कोरबा: जिले में विकास कार्यों में लापरवाही का एक और बड़ा मामला सामने आया है। जनपद पंचायत कोरबा के ग्राम पंचायत सकटुकला के आश्रित ग्राम भेलवाटार में स्वीकृत सीसी रोड का काम कागजों में तो हो गया, पर जमीन पर एक ईंट भी नहीं लगी।

क्या है पूरा मामला:
ग्राम भेलवाटार में सीसी रोड निर्माण के लिए वर्ष 2024-25 में डीएमएफ (DMF) मद से 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। नियमानुसार काम शुरू करने के लिए 40 प्रतिशत यानी 4 लाख 80 हजार रुपये अग्रिम के रूप में पंचायत को जारी भी कर दिए गए।
लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि कच्चे रास्ते से रोजाना आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है, खासकर बरसात में।
चेतावनी के बाद भी नहीं जागा पंचायत:
सूत्रों के मुताबिक जनपद पंचायत कोरबा ने इस मामले में ग्राम पंचायत सकटुकला को कई बार नोटिस और चेतावनी पत्र जारी किया, लेकिन सरपंच-सचिव ने काम शुरू करना मुनासिब नहीं समझा।
विधायक प्रतिनिधि ने उठाया मुद्दा:
अब इस मामले में विधायक प्रतिनिधि *जयकिशन पटेल* ने मोर्चा संभाला है। उन्होंने कलेक्टर कोरबा को लिखित शिकायत सौंपकर मांग की है कि या तो तत्काल सड़क का निर्माण शुरू कराया जाए, या फिर जारी की गई 4.80 लाख की राशि की वसूली कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।
सबसे बड़ा सवाल: जब राशि जारी हो चुकी है, तो सड़क क्यों नहीं बनी? क्या ये राशि बंदरबांट का शिकार हो गई? अब सबकी नजर कलेक्टर की कार्रवाई पर टिकी है।








