कोरबा/करतला (करतला टाइम्स)। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सार्वजनिक परिवहन की समस्या को देखते हुए विधायक फूलसिंह राठिया ने कलेक्टर कोरबा को पत्र लिखकर दो प्रमुख मार्गों पर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण अंचल में नियमित बस सुविधा नहीं होने से छात्र-छात्राओं, किसान, दैनिक मजदूर और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को निजी ऑटो और महंगे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
दो रूट जिन पर बस मांगी गई है –
1.नकटीखार – गोढ़ी – बेंदरकोना – करमंदी – भैंसमा – तिलकेजा – तुमान – लबेद मार्ग
2. कोरबा – उरगा – भैंसमा – करतला – कुदमुरा – हाटी मार्ग
विधायक ने बताया कि इन दोनों मार्गों पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण, किसान और कर्मचारी आवागमन करते हैं। ई-सिटी बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी, साथ ही किसान, मजदूर और कर्मचारी भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से सफर कर सकेंगे।
उन्होंने जनहित को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर यथाशीघ्र ई-सिटी बस सेवा प्रारंभ करने का आग्रह किया है।








