कोरबा/करतला। कोरबा विकासखंड के ग्राम कुदुरमाल में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुदुरमाल का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। 13 साल पुराने इस स्कूल में कुदुरमल, उरगा, कटबितला, बरिडीह, अखरापाली, देवरमल सहित 10 ग्राम पंचायतों के लगभग 350 छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल की छतों में दरारें आ गई हैं, बारिश में पूरे क्लास रूम में पानी टपकता है। दीवारों का प्लास्टर उखड़ रहा है। कई कक्षों को जर्जर घोषित कर दिया गया है फिर भी मजबूरी में उन्हीं में कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
बारिश से पहले सूचना दी या नहीं – बड़ा सवाल
नियम के अनुसार हर साल अप्रैल-मई में प्राचार्य को जर्जर भवन की रिपोर्ट BEO और DEO को भेजनी होती है। सूत्रों के अनुसार शाला प्रबंधन द्वारा मौखिक रूप से जानकारी दी गई थी, लेकिन लिखित में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बारिश खत्म होने से पहले स्कूल भवन का निरीक्षण कर नया भवन स्वीकृत किया जाए।








