कोरबा, 21 अक्टूबर। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाजार में रावण दहन के बाद चाकूबाजी की बड़ी वारदात सामने आई है। आपसी विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि मुड़ापार बाजार के पास रावण दहन मैदान के पीछे बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने युवक पर आधा दर्जन से अधिक बार चाकू से वार कर दिया। लहूलुहान हालत में युवक जमीन पर गिर पड़ा, आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एएसपी लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

