कोरबा, 16 सितम्बर 2026/ एनकॉर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों एवं आबकारी विभाग को प्राप्त शिकायतों के आधार पर जिले में अवैध महुआ शराब के विक्रय, परिवहन और भंडारण की रोकथाम हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन द्वारा जारी आदेशानुसार, जिले की पांच संवेदनशील ग्राम पंचायतों को चिन्हांकित कर वहां दोपहर 03 बजे से वृहद नशामुक्ति रैली का आयोजन किया जाएगा।
कब-कहां निकलेगी रैली –
-18 सितंबर 2026 – कटघोरा जनपद, ग्राम मुड़ाली में
– 28 सितंबर 2026 -पाली जनपद, ग्राम लाफा में
– 29 सितंबर 2026 -पाली जनपद, ग्राम नेवसा में
– 30 सितंबर 2026 – करतला जनपद, ग्राम बड़मार में
– 07 अक्टूबर 2026 – कोरबा जनपद, ग्राम पंडरीपानी में
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को रैली के सफल क्रियान्वयन हेतु निर्देशित किया गया है। संबंधित सीईओ द्वारा उक्त दिवस को भारत माता वाहिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रतिष्ठित नागरिकों तथा आमजन के समन्वय से रैली का रूट निर्धारण, माइक, साउंड, पेयजल एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्ति साहित्य, बैनर व फ्लैक्स का वितरण किया जाएगा, आबकारी विभाग द्वारा वाहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी तथा मेडिकल कॉलेज के मनोवैज्ञानिक श्री संजय तिवारी की सेवाएं जनजागरूकता एवं परामर्श हेतु ली जाएंगी।








