रायपुर। छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था में अब तकनीकी नवाचार का नया दौर शुरू होने जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन की साझेदारी से महाविद्यालयों और कार्यालयों में AI और डिजिटल तकनीक का वास्तविक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य सिर्फ तकनीक लाना नहीं है, बल्कि उसका वास्तविक उपयोग महाविद्यालयों और कार्यालयों की दैनिक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में सुनिश्चित करना है।
शिक्षकों से किया ये आह्वान
मंत्री ने अधिकारियों और शिक्षकों से तकनीकी परिवर्तन को सकारात्मक दृष्टिकोण से अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने संस्थानों में नवाचार और AI के उपयोग के प्रति जागरूकता का वातावरण विकसित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षक और अधिकारी तकनीक से डरें नहीं, बल्कि उसे अपने काम को आसान और बेहतर बनाने के साधन के रूप में अपनाएं।
‘AI का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग भी जरूरी’
उच्च शिक्षा मंत्री ने AI तकनीक के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग जितना महत्वपूर्ण है, उससे अधिक आवश्यक उसका सुरक्षित और विवेकपूर्ण इस्तेमाल है।
उन्होंने कहा कि AI द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रत्येक जानकारी सही हो, यह आवश्यक नहीं है। इसलिए किसी भी जानकारी का शैक्षणिक अथवा प्रशासनिक उपयोग करने से पहले उसका परीक्षण एवं सत्यापन किया जाना चाहिए।
मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गूगल फॉर एजुकेशन के साथ यह साझेदारी छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचार के नए द्वार खोलेगी तथा शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक दक्षता को नई दिशा प्रदान करेगी।
मंत्री श्री वर्मा ने इस पहल के लिए उच्च शिक्षा विभाग तथा गूगल फॉर एजुकेशन की टीम को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा को ज्ञान, नवाचार, तकनीकी दक्षता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त श्रीमती रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी भिलाई के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी, गूगल फॉर एजुकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड (इंडिया) सुश्री ईशा पोरवाल जैन सहित उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल, क्रीड़ाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

