बड़े सपने देखें, लक्ष्य तय करें और मेहनत से उसे हासिल करें – वित्त मंत्री ने पुसौर के 100 विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन
रायगढ़, 21 नवंबर – करतला टाइम्स। विकासखंड पुसौर के लगभग 100 मेधावी विद्यार्थियों के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से मुलाकात प्रेरणादायी और यादगार बन गई। शैक्षिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे विद्यार्थियों ने वित्त मंत्री के निज निवास पर उनसे आत्मीय मुलाकात की।

इस दौरान वित्त मंत्री चौधरी ने विद्यार्थियों से खुलकर संवाद किया। उन्होंने शिक्षा, करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं और जीवन में सफलता के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा के अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर चयन और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े कई सवाल पूछे। वित्त मंत्री ने सहजता से सभी सवालों के जवाब दिए।
उन्होंने कहा कि जीवन में बड़े सपने देखना जरूरी है, लेकिन उन्हें साकार करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत भी उतनी ही आवश्यक है। समय का सदुपयोग करें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें।
शिक्षा का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य बनाने का मजबूत आधार है। असफलताओं से घबराएं नहीं, बल्कि उनसे सीख लेकर नए उत्साह से आगे बढ़ें। आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
वित्त मंत्री ने अपने अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। इस अवसर पर उन्होंने अपने निज निवास पर सभी विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी कराई।
पुसौर के मेधावी और जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों के लिए यह मुलाकात नई प्रेरणा दे गई।

