गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 21 नवंबर – करतला टाइम्स।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 6 हितग्राहियों को कुल 12 लाख रुपए की बीमा दावा राशि प्रदान की गई। जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं पुनरीक्षा समिति की बैठक के दौरान कलेक्टर विजय दयाराम के. की उपस्थिति में मृत बीमित व्यक्तियों के नामांकित परिजनों को 2-2 लाख रुपए के चेक सौंपे गए।
बीमा दावा राशि प्राप्त करने वालों में गेंदलाल केवट, कौशल्या सारथी, काशीराम पुरी, सुष्मिता मेश्राम, तोमर सिंह पैकरा और गुड्डी नाई शामिल हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना बताया। उन्होंने बैंक अधिकारियों को पात्र नागरिकों को योजना से जोड़ने और बीमा दावा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत पात्र बीमित व्यक्ति की किसी भी कारण से मृत्यु होने पर उसके नामांकित व्यक्ति को 2 लाख रुपए की बीमा सुरक्षा राशि प्रदान की जाती है। यह योजना विपरीत परिस्थितियों में परिवारों को आर्थिक संबल दे रही है।

