खसरा 1322 से फर्जी खसरा 1322/2 बनाकर निजी व्यक्ति के नाम चढ़ाई गई 2.202 हेक्टेयर जमीन
अम्बिकापुर। सरगुजा कलेक्टर ने तहसील दरिमा के ग्राम दरिमा में भूमि से जुड़े बड़े फर्जीवाड़े में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राजस्व अभिलेखों में कूटरचना कर नया खसरा नंबर सृजित कर निजी व्यक्ति के नाम पर जमीन दर्ज करने के मामले में आजाद इराकी और तत्कालीन पटवारी सहित कुल 4 व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश तहसीलदार दरिमा को दिए गए हैं। साथ ही रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने को भी कहा गया है।
*क्या है पूरा मामला?*
मामला ग्राम दरिमा स्थित भूमि खसरा क्रमांक 1322 रकबा 1.117 हे. एवं खसरा क्रमांक 1322/2 रकबा 2.202 हे. से जुड़ा है। शिकायत मिली थी कि राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर खसरा 1322 की 2.76 एकड़ (1.117 हे.) भूमि को खसरा नंबर 1322/2 के रूप में नई प्रविष्टि दर्ज कर दी गई।
जांच में सामने आया कि सिंहदेव योजना के अंतर्गत वर्ष 1968-69 में शासकीय पट्टेदार चंदर पिता बजरंग पनिका को ग्राम दरिमा स्थित खसरा नंबर 1322 की कुल 2.76 एकड़ भूमि का पट्टा प्रदान किया गया था।
वर्ष 2016-17 के खसरा पांचशाला अभिलेख में खसरा नंबर 1322 का रकबा 1.117 हेक्टेयर दर्ज था। इसके बाद कंप्यूटरीकृत खसरा पांचशाला में खसरा नंबर 1322 को बटांकित कर हस्तलिखित अंकित कर खसरा नंबर 1322/1 रकबा 1.117 हेक्टेयर तथा खसरा नंबर 1322/2 रकबा 2.202 हेक्टेयर दर्ज किया गया।
खसरा नंबर 1322/2 को बलिराम पिता रामप्रसाद के नाम पर दर्ज किया गया तथा कैफियत कॉलम नंबर 12 में कारण हस्तलिखित खसरा लुप्त होने का उल्लेख किया गया। इस प्रविष्टि को लेकर कोई भी सक्षम आदेश व अनुमोदन खसरा में नहीं है।
जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट कहा गया है कि खसरा नंबर 1322/2 को निजी व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से कूटरचना कर प्रविष्टि की गई है, क्योंकि खसरा नंबर 1322/2 का कोई विधिक अस्तित्व ही नहीं है।
मूल रकबे में कमी किए बिना बनाई गई नई जमीन
जांच में यह भी सामने आया कि मूल खसरा नंबर 1322 के रकबे में कमी किए बिना अलग से खसरा नंबर 1322/2 सृजित कर 2.202 हेक्टेयर भूमि बलिराम के नाम दर्ज की गई। इसके बाद 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी द्वारा ऑनलाइन राजस्व दस्तावेजों में भूमि के नामांतरण से संबंधित प्रविष्टि की गई।
तत्पश्चात 11 सितंबर 2023 को रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से उक्त भूमि को आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी तथा रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह को विक्रय कर दिया गया।
इन 4 पर FIR के निर्देश
कलेक्टर ने इनके विरुद्ध संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराकर पालन प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं –
1. बलीराम पिता रामप्रसाद – निवासी ग्राम खजुरी, तहसील दरिमा, जिला सरगुजा (विक्रेता)
2. आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी – निवासी जयनगर, तहसील लटोरी, जिला सूरजपुर (क्रेता)
3. रामाशंकर सिंह पिता रामजस सिंह – निवासी विश्रामपुर, जिला सूरजपुर (क्रेता)
4. अनिरुद्ध कुमार पैकरा – ग्राम दरिमा के तत्कालीन पटवारी
इसके साथ ही रजिस्ट्री को निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने तथा अवैध प्रविष्टि को विलोपित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम राजस्व को भी निर्देशित किया गया है।

