कोरबा, 20 अक्टूबर। नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित 6 दिवसीय श्रीरामलीला का समापन सोमवार को श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ हुआ। 15 अक्टूबर से डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम मैदान में शुरू हुई रामलीला में अंतिम दिन सेतु बंध, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति और रावण वध के प्रसंगों का मंचन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भगवान श्रीराम के चरणों में पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। आतिशबाजी के बीच श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में नगरवासी पहुंचे।
रामलीला का आयोजन कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत की पहल पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की देखरेख में किया गया था।
समापन अवसर पर मंत्री, महापौर सहित अतिथियों ने श्रीराम-लक्ष्मण-जानकी और हनुमान जी की आरती की। इसके बाद सभी कलाकारों और मुख्य संयोजक मन्नू प्रिया सहित सहयोगियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस रामलीला में मुंबई के देवर्ष नागर ने श्रीराम, इंदौर की नित्या चौहान ने सीता, उज्जैन के राज चौहान ने हनुमान और राहुल वीर पांड्या ने रावण की भूमिका निभाई। महापौर ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

