कोरबा, 21 अक्टूबर 2026। जिले में एक 7 वर्षीय बच्ची के लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। बच्ची पिछले 48 घंटे से लापता है और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
मामला बालको थाना क्षेत्र के रजगामार चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 19 अक्टूबर की दोपहर बच्ची घर के पास दुकान से चॉकलेट लेने निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास तलाश के बाद शाम को चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 20 अक्टूबर को एसपी सिद्धार्थ तिवारी खुद रजगामार चौकी पहुंचे और जांच की निगरानी शुरू की। शहर के कई थाना प्रभारियों की टीमें लगाई गई हैं, जो रजगामार के आसपास सुनसान इलाकों और तालाबों के पास तलाश कर रही हैं।
पुलिस जांच में एक परिचित व्यक्ति से जुड़ा सुराग मिलने की बात सामने आई है, जिसकी भूमिका को लेकर पूछताछ और तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता बच्ची की सकुशल बरामदगी है।

