कोरबा, 30 सितंबर 2026 कोसाबाड़ी स्थित निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या अजिथा मेरी एवं प्रबंधन के खिलाफ जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने मामले में शिक्षा विभाग की सामान्य जांच के बजाय एसडीएम अथवा एसआईटी से स्वतंत्र जांच कराने और प्राचार्या के निलंबन की मांग की है।
क्या हैं आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि –
1. स्कूल में केरल की संस्था के नियमों के आधार पर स्थानीय स्टाफ के लिए नियम लागू किए जा रहे हैं, जो कथित तौर पर श्रम कानूनों के अनुरूप नहीं हैं।
2. स्कूल में 90 प्रतिशत से अधिक हिंदू शिक्षकों-कर्मचारियों से जबरन ईसाई प्रार्थना कराए जाने का आरोप।
3. शिक्षिका रिकी सिन्हा द्वारा स्वास्थ्य कारणों से एक सप्ताह के मेडिकल अवकाश की मांग पर उन्हें एक वर्ष का अवैतनिक अवकाश लेने के लिए मजबूर करने और बीमारी की हालत में तीन मंजिला सीढ़ियां चढ़ने के लिए बाध्य करने का आरोप।
4. RTE और BPL श्रेणी के विद्यार्थियों मिकांत यादव, मयारा, लक्ष्य यादव और ध्रुव यादव से नियम विरुद्ध 1,000 रुपये वसूलने और बाद में रसीदें वापस मंगाने का आरोप।
शिकायत में RTE नियमों, फीस वसूली और श्रम कानूनों के उल्लंघन की भी जांच की मांग की गई है।
नोट – यह खबर शिकायत के आधार पर है। इसमें लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। इस मामले में स्कूल प्रबंधन और प्राचार्या अजिथा मेरी का पक्ष भी महत्वपूर्ण है।








