करतला //जनपद पंचायत करतला में विकास खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत श्री संदीप पाण्डेय का पदोन्नति उपरांत प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला बिलासपुर के पद पर पदस्थ होने पर जनपद पंचायत करतला के सभागार में भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री पाण्डेय के कार्यकाल को याद करते हुए उनके सरल व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता एवं सहयोगात्मक कार्यशैली की सराहना की तथा नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष श्रीमती अशोका विश्राम कंवर, उपाध्यक्ष श्री मनोज कुमार झा, श्री वैभव कुमार कौशिक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करतला, नवीन खंड शिक्षा अधिकारी श्री गोपाल वर्मा सहित जनपद पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यकाल की उपलब्धियों को किया याद
विदाई समारोह के दौरान वक्ताओं ने श्री संदीप पाण्डेय के करतला में कार्यकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने विकास खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ किया।
शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यों के साथ-साथ जनपद पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों को गति देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वक्ताओं ने उनके व्यवहार की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि श्री पाण्डेय का कार्य करने का तरीका सहयोगात्मक रहा। उन्होंने अपने सहकर्मियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कार्य किया और विभागीय दायित्वों को पूरा करने में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने का कार्य किया।








