सक्ति।शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और नवाचार का दूसरा नाम बन चुके शिक्षक धीरज गोस्वामी को एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें लगातार दूसरी बार जिला स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया है।
13 सितंबर को आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में यह गौरवपूर्ण सम्मान उन्हें प्रदान किया गया। लगातार दूसरी बार यह सम्मान मिलने से न केवल उनके विद्यालय परिवार में, बल्कि पूरे जिले के शिक्षा जगत, विद्यार्थियों और अभिभावकों में हर्ष का माहौल है।
धीरज गोस्वामी को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए दिया गया है। वे सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, संस्कार और व्यवहारिक ज्ञान पर भी विशेष ध्यान देते हैं।
नवाचारी शिक्षण से बढ़ा रहे रुचि
बताया जाता है कि धीरज गोस्वामी द्वारा अपनाए जा रहे नवाचारी तरीकों से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि तेजी से बढ़ी है। वे शिक्षा को बोझ नहीं, बल्कि खेल-खेल में सीखने का माध्यम बनाते हैं, जिससे बच्चों की रचनात्मक क्षमता का भी विकास हो रहा है।
शिक्षक समाज का कहना है कि लगातार दूसरी बार जिला स्तर पर सम्मानित होना व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पूरे शिक्षक समाज के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
विद्यालय परिवार और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की है।

