कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालिहाभाठा निवासी एवं सतनामी समाज के समाजसेवी मिथिलेश कुमार रात्रे ने ईमानदारी की एक अनूठी मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, सालिहाभाठा से तुमान मार्ग पर पीपल पेड़ के पास शाम लगभग 7 बजे एक बाइक सवार युवक का सड़क दुर्घटना के दौरान ₹50,000 नकद गिर गया था। उस समय मौके पर मौजूद मिथिलेश कुमार रात्रे ने युवक को आवाज देकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवक बिना रुके वहां से चला गया।
इसके बाद मिथलेश रात्रे ने जिम्मेदारी का परिचय देते हुए तत्काल उरगा थाना में फोन कर घटना की सूचना दी और बताया कि युवक के रुपये उनके पास सुरक्षित हैं। अगले दिन युवक अपने गुम हुए पैसों की तलाश करते हुए सालिहाभाठा गांव पहुंचा, जहां उसे मिथलेश रात्रे के बारे में जानकारी मिली।
उरगा थाना प्रभारी के निर्देशन में युवक और मिथिलेश कुमार रात्रे को थाना बुलाया गया। थाना स्टाफ की उपस्थिति में पूरी पुष्टि के बाद ₹50,000 की राशि उसके वास्तविक मालिक को सौंप दी गई।
मिथिलेश कुमार रात्रे की इस सराहनीय ईमानदारी से प्रभावित होकर उरगा थाना प्रभारी ने उन्हें ₹500 का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। क्षेत्र में उनके इस कार्य की व्यापक प्रशंसा हो रही है और लोग इसे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बता रहे हैं।
यह घटना साबित करती है कि आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं जो मानवता, नैतिकता और ईमानदारी के मूल्यों को सर्वोपरि मानते हैं।








