कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत में मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार मगरमच्छ हसदेव नदी से निकलकर खेतों की ओर पहुंच गया था। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि नदी में अन्य मगरमच्छ भी मौजूद हो सकते हैं, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तथा स्नेक रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
वन विभाग द्वारा मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से नदी और जलाशयों के आसपास सतर्क रहने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

