कोरबा को मिले नए SDM: कटघोरा की कमान संभालेंगे प्रशिक्षु IAS विपिन दुबे
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया है। 7 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत LBSNAA मसूरी में फेज-दो का प्रशिक्षण पूरा कर लौटे 2020 और 2024 बैच के कुल 5 प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व SDM के पद पर पदस्थ किया गया है।
आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को 21 अगस्त 2026 को प्रशिक्षण से कार्यमुक्त होने के बाद अपने-अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा।
कोरबा जिले को मिला नया SDM
कोरबा जिले के कटघोरा अनुविभाग की कमान अब 2024 बैच के प्रशिक्षु IAS अधिकारी विपिन दुबे को सौंपी गई है। राजस्व प्रकरणों और विकास कार्यों के निपटारे की जिम्मेदारी अब इनके पास रहेगी।
ये हैं अन्य 4 अधिकारी
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक 2020 बैच के फड़तरे अनिकेत अशोक को भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर में SDM बनाया गया है।
वहीं 2024 बैच के अन्य 3 अधिकारियों में अरविंद कुमार टी. को बलौदाबाजार, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा,
अक्षय दोशी को डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव
और क्षितिज गुरभेले को घरघोड़ा, जिला रायगढ़ में पदस्थ किया गया है।
सरकार का मकसद
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को सीधे मैदानी प्रशासन का अनुभव देना है। SDM के रूप में राजस्व और विकास कार्यों की जिम्मेदारी देकर प्रशासनिक व्यवस्था को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना है।
प्रशिक्षु अधिकारियों की यह पदस्थापना उनके करियर का पहला महत्वपूर्ण प्रशासनिक अनुभव माना जा रहा है।








