कोरबा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद कोरबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों की जीत बताया और भव्य विजय जुलूस निकाला।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में यह रैली पुराना बस स्टैंड से शुरू होकर पुराना रेलवे फाटक तक गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि देशभर में छात्रों द्वारा परीक्षा में धांधली और शिक्षा व्यवस्था को लेकर किए गए विरोध के कारण ही केंद्र सरकार को यह कदम उठाना पड़ा।
जुलूस में कांग्रेस के साथ युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी के हाथों में कांग्रेस का झंडा था और वे नारे लगाते हुए चल रहे थे।
जयसिंह अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि यह सफलता उन लाखों छात्रों की है जिन्होंने पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की मांग की थी। उन्होंने कहा कि सरकार को झुकना पड़ा क्योंकि युवा एकजुट हो गए थे। यह लोकतंत्र की ताकत है।
पूरे रास्ते जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। शहर के लोगों ने भी जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि छात्रों के मुद्दों पर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

