-
कोरबा। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के संगठनात्मक विस्तार के तहत गठित नई जिला कार्यकारिणी में करतला क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार एवं बरपाली-करतला इकाई के पूर्व अध्यक्ष श्री राजू खत्री को कोरबा जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविंद अवस्थी की सहमति एवं कोरबा जिला अध्यक्ष श्री शशिकांत डिक्सेना के अनुमोदन से यह नियुक्ति की गई है। संगठन ने श्री खत्री की सक्रिय पत्रकारिता, संगठन के प्रति समर्पण, निष्पक्ष कार्यशैली एवं लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
श्री राजू खत्री ने करतला इकाई के संरक्षक एवं अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने, पत्रकारों के हितों की रक्षा करने तथा सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस नियुक्ति पर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ बरपाली-करतला इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष रहे जगदीशपुरी सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्री राजू खत्री को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व से कोरबा जिला इकाई को नई दिशा मिलेगी और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और मजबूती से होगी।
नियुक्ति पर श्री राजू खत्री ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

