सूचना पटल तक नहीं लगा, जिम्मेदार विभाग का पता नहीं
कोरबा, करतला (करतला टाइम्स)। जिले के विकासखंड करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पुलिया पहली ही बारिश में ध्वस्त हो गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की तस्वीरें निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान कई बार अनियमितताओं की ओर ध्यान दिलाया गया था, लेकिन शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार जब भी गुणवत्ता संबंधी सुझाव दिए जाते थे, तब जिम्मेदार लोगों द्वारा यह कहकर टाल दिया जाता था कि मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित कोई *सूचना पटल नहीं लगाया गया* है। इसके कारण यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिया का निर्माण किस विभाग, एजेंसी अथवा ठेकेदार द्वारा कराया गया है। सूचना पटल के अभाव में निर्माण लागत, स्वीकृति तिथि और कार्यदायी संस्था जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी सार्वजनिक नहीं हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि सरकारी धन से बनने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी लगातार हो रही है। लोगों ने पुलिया निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

