*कोरबा।* राज्य शासन द्वारा 1 मई से 10 जून तक आयोजित “सुशासन तिहार” के समापन चरण में चीर्रा ग्राम पंचायत में अंतिम शिविर लगाया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शिविरों के माध्यम से सीधे गांव-गांव तक पहुंच रही है।
श्रीमती राठिया ने बताया कि अब तक 8 ग्राम पंचायतों से पेंशन, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए हैं। पात्र आवेदकों को त्वरित लाभ दिलाया जा रहा है। यदि किसी आवेदन का तत्काल निराकरण संभव नहीं है तो एक सप्ताह के भीतर आवेदक को कारण बताकर सूचित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद है कि आम आदमी को योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। “सुशासन तिहार” इसी सोच का उदाहरण है, जिसमें प्रशासन खुद जनता के दरवाजे तक पहुंचकर काम निपटा रहा है।


