*कोरबा, 27 मई 2026।* कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और सीएमएचओ डॉ. एस. एन. केशरी के नेतृत्व में कोरबा जिले ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सूचकांकों में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
शासन द्वारा मुख्यमंत्री अटल मॉनिटरिंग पोर्टल और भारत सरकार के एनएचएम आउटपुट इंडिकेटर्स के आधार पर जिलों का स्कोर कार्ड तैयार किया गया। 50 बिंदुओं पर मूल्यांकन के बाद जिलों को ग्रीन, ऑरेंज, येलो और रेड श्रेणी में बांटा गया। ग्रीन श्रेणी में कोरबा जिला प्रदेश में पहले नंबर पर रहा।
जिले में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीबी उन्मूलन, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, मानसिक स्वास्थ्य, कैंसर-मधुमेह-हृदय रोग रोकथाम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सिकल सेल नियंत्रण और डायलिसिस सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य हुआ। ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, नियमित समीक्षा और जनजागरूकता अभियान से यह उपलब्धि मिली।
सीएमएचओ ने बताया कि यह सफलता स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम भावना, समर्पण और निरंतर मेहनत का परिणाम है। यह पूरे स्वास्थ्य विभाग कोरबा के लिए गौरव का विषय है।

