*कोरबा, 17 मई 2026:* शनिवार शाम आई तेज आंधी-तूफान कोरबा ब्लॉक के बेला गांव में काल बनकर आई। शाम करीब 6 बजे 1100 वोल्टेज का बिजली का खंभा टूटकर सीधे एक ग्रामीण के मकान पर जा गिरा।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के दूसरे हिस्से में थे, जिससे जनहानि टल गई। खंभा गिरने से मकान का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। दीवारों में दरारें आ गईं और छत का एक हिस्सा ढह गया।
*प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार*
आंधी इतनी तेज थी कि खंभा जड़ से उखड़कर भरभराकर मकान पर गिर पड़ा। तेज धमाके के साथ चिंगारियां निकलीं, लेकिन बारिश के कारण बिजली पहले ही गुल थी, जिससे आग लगने से बचाव हो गया।
*प्रशासन की कार्रवाई*
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लाइन को सुरक्षित किया। पटवारी ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने जर्जर खंभों को बदलने की मांग की है।

