करतला टाइम्स / कोरबा, 25 सितंबर 2026*एल – जिले को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 27 सितंबर को जिले में महापरीक्षा का आयोजन होगा।
जिले के 383 उल्लास केंद्रों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 7,817 शिक्षार्थी शामिल होंगे। विशेष बात यह है कि कोरबा जिला जेल और कटघोरा उपजेल में भी 50 से अधिक बंदी इस परीक्षा में शामिल होकर अपनी साक्षरता का मूल्यांकन करेंगे।
कलेक्टर ने की सहभागिता की अपील
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि कोई भी शिक्षार्थी परीक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आसपास के चिन्हित शिक्षार्थियों को प्रेरित करें और जरूरत पड़ने पर उन्हें केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा, “साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का द्वार है। पूर्ण साक्षर कोरबा का लक्ष्य केवल प्रशासन का नहीं, पूरे जिले का साझा संकल्प है। तभी ‘साक्षर कोरबा-समृद्ध कोरबा’ की परिकल्पना साकार होगी।”








