राजस्थान के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माउंट आबू में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मानसरोवर परिसर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन का शुभारंभ हो गया है। श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया थीम पर आयोजित इस महासम्मेलन में देश के कोने-कोने से आए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, वेब और डिजिटल मीडिया के 1500 से अधिक पत्रकार शामिल हुए हैं।
इस राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कोरबा जिले के पत्रकारों ने किया। कोरबा से वरिष्ठ पत्रकार रामेश्वर ठाकुर, राजेश मिश्रा, दीपक साहू और विकास निर्मलकर उर्फ विक्की ने सम्मेलन में सहभागिता की। राष्ट्रीय स्तर पर कोरबा के पत्रकारों की उपस्थिति को सराहा गया।
सम्मेलन के पहले दिन सकारात्मक पत्रकारिता, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका जैसे ज्वलंत विषयों पर गहन चिंतन हुआ। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में मीडिया को नकारात्मकता से हटकर समाज को दिशा देने वाली पत्रकारिता करनी होगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मीडिया को समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करना और पत्रकारिता के मूल्यों को और सशक्त बनाना है। सम्मेलन के दौरान देशभर के पत्रकारों के बीच अनुभव साझा करने का भी दौर चला।








