कोरबा। जिले में मानव-हाथी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटघोरा वनमंडल के संवेदनशील पसान क्षेत्र में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ जंगली हाथियों को खदेड़ने गए एक किसान की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय प्रताप सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रताप अपने खेत में लगी धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। खेत के आसपास हाथियों के झुंड की मौजूदगी की खबर पर वे फसल बचाने के लिए उन्हें खदेड़ने निकले थे। इसी दौरान हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए *बिलासपुर के सिम्स अस्पताल* में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से पूरे गाँव में शोक और दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पिछले कई दिनों से 20 से 25 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। धान की फसल अब पकने की कगार पर है, ऐसे में हाथियों की लगातार आवाजाही से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। किसान रात-रात भर जागकर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।
वन विभाग से ग्रामीणों ने हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

