पोड़ी-उपरोड़ा। पीएम आवास योजना ग्रामीण के मंजूर आवासों को समय पर पूरा कराने के लिए जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा ने हाथी प्रभावित ग्राम पंचायत आमाटिकरा में विशेष अभियान चलाया।
इस दौरान 76 आवासों के निर्माण की प्रगति धीमी मिली। कई आवासों का काम बंद पाया गया। निर्माण में लापरवाही मिलने पर हितग्राहियों को नोटिस दिया गया है। तीन दिन के भीतर निर्माण शुरू नहीं करने पर नियमानुसार राशि की वसूली और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
आमाटिकरा में जनपद पंचायत के 22 कर्मचारियों की टीम ने आवासों का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने हितग्राहियों के घर पहुंचकर उनसे बातचीत की और निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही निर्माण जल्द शुरू कर तय समय में पूरा करने की समझाइश दी।
अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नोटिस देना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को जागरूक कर उनके पक्के आवास का निर्माण जल्द पूरा कराना है। जनपद पंचायत ने पीएम आवास के निर्माण में अनावश्यक देरी को गंभीरता से लेने की बात कही है।

