कोरबा, 10 सितम्बर 2026। जनपद पंचायत कोरबा के ग्राम पंचायत डोकरमना के सचिव शिव रतन सिंह कंवर को हटाने की मांग अब तूल पकड़ती जा रही है। सरपंच की शिकायत के तीन महीने बाद भी सचिव का स्थानांतरण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। अब इस मामले में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने भी जिला पंचायत सीईओ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती अनिता मंझवार ने 19 जून 2026 को जनपद सीईओ को पत्र सौंपकर सचिव को अन्य पंचायत में स्थानांतरित करने की मांग की थी। आरोप था कि सचिव की नियमित उपस्थिति नहीं होने से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, पेंशन और छात्रों के शैक्षणिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, जिससे पंचायत के विकास कार्य भी ठप पड़े हैं।
जनपद सीईओ ने भी की अनुशंसा
सरपंच की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 25 जून 2026 को जनपद पंचायत सीईओ ने जिला पंचायत सीईओ को पत्र भेजकर सचिव के स्थानांतरण की अनुशंसा की थी। पत्र में स्पष्ट उल्लेख था कि सचिव की कार्यप्रणाली से आम नागरिकों को परेशानी हो रही है और जनहित में त्वरित कार्रवाई जरूरी है।
अनुशंसा के बाद भी नहीं बदले सचिव
शिकायत और अनुशंसा के बावजूद करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी डोकरमना में सचिव शिव रतन सिंह कंवर ही पदस्थ हैं।
अब विधायक की एंट्री
मामले में अब राजनीतिक मोड़ भी आ गया है। क्षेत्रीय विधायक फूलसिंह राठिया ने भी जिला पंचायत सीईओ को पत्र लिखकर सचिव के स्थानांतरण की मांग की है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब सरपंच से लेकर विधायक तक मांग कर रहे हैं, तो आखिर कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है?
ग्रामीणों का कहना है कि प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़े काम सीधे आम लोगों से जुड़े हैं, इसलिए मामले का जल्द निराकरण होना चाहिए।








