कोरबा 05 नवंबर 2026 /
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कोरबा के आदर्श नगर निवासी प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही सीमा सिंह को पाती लिखकर शुभकामनाएं दी हैं।
पाती में मुख्यमंत्री ने उनके पक्के आवास का सपना पूरा होने पर खुशी जताई और परिवार के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने लिखा कि पहले बारिश में कच्चे मकान की छत से पानी टपकता था, सामान भीगता था और मिट्टी की दीवारें कमजोर हो जाती थीं। अब प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का मकान बन गया है और परिवार को सुरक्षित और सुकून भरा जीवन मिला है।
मुख्यमंत्री की पाती पाकर सीमा सिंह भावुक हो गईं। उन्होंने कहा – “कभी नहीं सोचा था कि प्रदेश के मुखिया स्वयं मुझे पाती लिखेंगे।”
उन्होंने कहा कि आज उनका पक्के घर का सपना साकार हुआ है, जिसके लिए वे शासन की आभारी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु भैया के प्रति उन्होंने हृदय से आभार जताया।

