
कोरबा, 20 मार्च 2026: आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रदेश में रसोई गैस संकट और कमर्शियल सिलेंडर की कमी को लेकर कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा अंतर्गत भैंसमा तहसील में गैस सिलिंडर शव यात्रा निकाली। इस दौरान आप नेताओं ने सरकार के “गैस की कोई कमी नहीं” वाले दावों को खारिज करते हुए इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया।
आप नेताओं ने कहा कि देशभर में गैस संकट के हालात सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ₹500 में गैस सिलिंडर देने की “गारंटी” पूरी तरह फेल हो चुकी है। आम आदमी को घरेलू गैस सिलेंडर तक समय पर नहीं मिल पा रहा है, और घरेलू सिलेंडर पर ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर पर ₹115 की बढ़ोतरी ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
आप ने मांग की कि सरकार छत्तीसगढ़ में गैस की नियमित, पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करे और गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाए। साथ ही, गैस वितरण प्रणाली की निगरानी को सुदृढ़ करने एवं शिकायतों के त्वरित निवारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। अन्यथा आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में आम जनता के साथ इससे भी बड़ा व्यापक जन आंदोलन करेगी। 💔

