रायपुर। होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। अपने कैमरे और रचनात्मकता से ये लोग प्रदेश की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन और छत्तीसगढ़ी भाषा को नई पहचान दे रहे हैं।

इस बार जनता की वोटिंग से क्रिएटर्स चुने गए। 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में अवॉर्ड दिए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल जैसे कई क्षेत्रों के क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।
पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर –
युवा क्रिएटर्स से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी आ गई थी। गांव के लोगों ने पहले पंच, फिर सरपंच चुना। इसके बाद विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का मौका मिला।
बस्तर में बदल रही तस्वीर –
मुख्यमंत्री ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना से दूर के गांवों तक राशन दुकान, मोबाइल नेटवर्क और बुनियादी सुविधा पहुंचाई जा रही है। स्वस्थ बस्तर अभियान में अब तक 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच हो चुकी है। बस्तर मुन्ने अभियान में प्रशासन गांव-गांव जाकर राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड बनवा रहा है।
युवाओं के लिए बड़ा ऐलान –
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरी के साथ उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप में भी रोजगार के मौके बनाए जा रहे हैं। 1000 रोजगार देने वाले उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। प्रदेश में 38 नालंदा परिसर बन रहे हैं, जहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की सुविधा मिलेगी। प्रयास स्कूल और जिलों में फ्री कोचिंग भी चल रही है। जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी और गीदम में मेडिकल कॉलेज भी बन रहा है।
किसानों पर बोले CM –
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की सरकार है। प्रदेश में 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही है।
नक्सलवाद पर बोले CM –
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक रहा। पीएम मोदी के नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और जवानों के साहस से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। अब बस्तर में शांति और विश्वास का माहौल बन रहा है।
क्रिएटर्स से अपील –
मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स से कहा कि बस्तर-सरगुजा की सुंदरता, आदिवासी संस्कृति और लोकल पर्यटन को अपनी रील के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाएं। महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के प्रोडक्ट को भी ऑनलाइन पहुंचाने में मदद करें। आपकी एक रील किसी परिवार की जिंदगी बदल सकती है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल का सही इस्तेमाल करने और खेलकूद पर ध्यान देने की सलाह भी दी। कार्यक्रम में उन्होंने क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

