कोरबा। कुदमुरा वन परिक्षेत्र के ग्राम जिलगा में ट्रैक्टर से हाथी को परेशान करने वाले 3 लोगों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार जिलगा में कुछ लोग ट्रैक्टर से हाथी का पीछा कर उसे परेशान कर रहे थे। मामला सामने आते ही DFO कोरबा के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई।
24 नवंबर को SDO कोरबा, रेंजर कुदमुरा और पसरखेत की मौजूदगी में टीम ने गांव में तलाशी ली। इस दौरान ट्रैक्टर एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ मिला। टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर रेंज कार्यालय ले आई। जांच में पता चला कि ट्रैक्टर चला रहे दिग्विजय के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।
इसके बाद 25 नवंबर को वन विभाग ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी –
1. दिग्विजय, 25 साल
2. सुकनंदन, 36 साल
3. सब्बीर खान, 35 साल
तीनों ग्राम जिलगा, थाना श्यांग के रहने वाले हैं।
इनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की गई है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी वाले इलाके में दूरी बनाकर रखें। हाथी का पीछा ना करें, ट्रैक्टर या गाड़ी से उसके पास ना जाएं। ऐसा करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई होगी।

