रायपुर, 23 नवंबर 2026। पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें अपने साथ हेलिकॉप्टर से रायपुर लेकर आए और बेहतर उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
फिसलकर गिरने से पैर में लगी चोट
मुख्यमंत्री श्री साय ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि दो दिन पहले श्री नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उनके निवास के समीप ही एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में श्री नंदकुमार साय के निवास पहुंचकर उनसे मिले और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
चलने-फिरने में हो रही थी तकलीफ
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पैर में चोट के कारण श्री नंदकुमार साय को चलने-फिरने में तकलीफ हो रही थी।
उन्होंने कहा कि आज उन्हें रायपुर आना ही था, इसलिए श्री नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलिकॉप्टर से रायपुर ले आए, ताकि उन्हें यात्रा में असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
बालाजी अस्पताल में कराया भर्ती
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री नंदकुमार साय के बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है। वहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।
मुख्यमंत्री के इस कदम को आदिवासी समाज सहित राजनीतिक गलियारों में संवेदनशीलता और अपनत्व के रूप में देखा जा रहा है।

