कोरबा, 03 नवंबर 2026 – राज्योत्सव के भव्य आयोजन में जिला न्यायालय कोरबा ने आम नागरिकों तक न्याय की पहुंच आसान करने का संदेश दिया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती नीता यादव की अगुवाई में न्यायाधीशों की टीम ने राज्योत्सव में सहभागिता कर नागरिकों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा लगाये गये स्टाल के माध्यम से नागरिकों को बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था उपलब्ध है।
न्यायाधीशों ने उपस्थित लोगों को लोक अदालत की उपयोगिता, विवादों का आपसी सहमति से त्वरित निराकरण तथा न्यायालयीन प्रक्रियाओं की सरल जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके अधिकारों से अवगत कराना और न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
इस दौरान न्यायाधीशों ने राज्योत्सव में लगे समस्त विभागीय स्टालों का अवलोकन भी किया।

