कोरबा, 28 सितंबर 2026/ शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय, कटघोरा में ‘मेरा युवा भारत’ कार्यक्रम के तहत नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश और कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में ‘नशा मुक्त युवा से विकसित भारत’ के संकल्प के साथ छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ ली। एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई और नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया।
युवाओं को नवाचार के लिए किया प्रेरित –
कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि 15 से 29 वर्ष के युवा ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीयन कर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। उन्होंने ‘सेवा फर्स्ट नवाचार चुनौती’ में नए विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत चुनौती’ प्रतियोगिता के लिए कोरबा जिले को 17 हजार पंजीयन का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध 23 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीयन कर लिया है। जिले में ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर 56 हजार से अधिक युवा पंजीकृत हैं। चयनित प्रतिभागियों को 12 जनवरी 2027 को राष्ट्रीय युवा दिवस पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में अपने विचार रखने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम में डॉ. डी.पी. टंडन, शैलेन्द्र सिंह ओट्टी, नूतन पाल कुर्रे, डॉ. प्रिंस मिश्रा सहित स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।








