कोरबा, 26 सितंबर। पहले दिन की शुरुआत पानी की चिंता से होती थी, अब नल खोलते ही काम हो जाता है। कुछ ऐसी ही कहानी है कोरबा विकासखंड के ग्राम अजगरबहार की रहने वाली बृंदा महंत की।
बृंदा बताती हैं कि पहले घर के लिए पानी लाने रोज कई बार दूर हैंडपंप तक जाना पड़ता था। बर्तन उठाकर लाइन में लगना, पानी भरकर लाना, इसमें ही आधा दिन निकल जाता था। बरसात में कीचड़ भरे रास्ते और रात में पानी की जरूरत पड़ने पर और भी परेशानी होती थी। साथ ही गंदे पानी से बीमारी का डर भी बना रहता था।
अब जल जीवन मिशन के तहत उनके घर में नल लग गया है। घर में ही साफ और स्वच्छ पानी मिलने लगा है।
बृंदा कहती हैं, अब पानी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। खाना बनाना, पीना, नहाना-धोना सब आसान हो गया है। जो समय पहले पानी लाने में लगता था, वह अब परिवार और दूसरे कामों में लगता है। साफ पानी से स्वास्थ्य की चिंता भी खत्म हो गई है।
उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया और कहा कि हर घर नल योजना जैसी योजना से हम जैसे छोटे गांव के लोगों की जिंदगी सच में आसान हुई है।








