कोरबा/उरगा। उरगा थाना क्षेत्र में दादागिरी दिखाने वाले एक बदमाश पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर युवक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसके खिलाफ गुंडा-बदमाश की कार्रवाई भी शुरू की गई है।
पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे फरसवानी निवासी संतोष राठौर अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जा रहा था। तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए शराब के लिए पैसे मांगे। संतोष ने पैसे देने से इंकार किया तो आरोपियों ने हाथ-मुक्के से उसकी पिटाई कर दी।
बदमाश यहीं नहीं रुके। उसी रात करीब 12:30 बजे आरोपी संतोष के घर पहुंच गए और दोबारा मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में संतोष के हाथ में चोट आई है। पीड़ित की रिपोर्ट पर उरगा थाना में अपराध क्रमांक 507/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरसवानी निवासी 21 वर्षीय ज्ञान प्रसाद राठौर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल CG 12 BW 0830 भी जब्त की है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ज्ञान राठौर पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। कुछ समय पहले ही वह जेल से बाहर आया था। दोबारा अपराध में शामिल होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा-बदमाश का प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा है।
आरोपी को 12 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।








